ज्वालापुर पुलिस का बड़ा खुलासा: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / राजकुमार,

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस लगातार अपराध और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार दिनांक 05 मार्च 2026 को शुभम कुमार पुत्र जहारू सिंह निवासी इमलीखेड़ा थाना पिरान कलियर ने कोतवाली ज्वालापुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी HF Deluxe मोटरसाइकिल (UK17L-8320) को 04 मार्च को महाराजा फर्नीचर, ऊंचा पुल ज्वालापुर के पास से अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ के साथ लगातार चेकिंग अभियान चलाया।
09 मार्च 2026 को चेकिंग के दौरान नहर पटरी स्थित रेगुलेटर पुल के पास पुलिस टीम ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को चोरी की मोटरसाइकिल HF Deluxe के साथ हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने उक्त मोटरसाइकिल महाराजा फर्नीचर, ऊंचा पुल ज्वालापुर के पास से चोरी की थी।
गहन पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पुरानी कांवड़ पटरी के पास एक खंडहर से 08 मोटरसाइकिल और 02 स्कूटी बरामद कीं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ये वाहन हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न स्थानों से चोरी किए थे और पकड़े जाने से बचने के लिए उन्हें नहर पटरी के किनारे स्थित खंडहर में छिपाकर रखते थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मोसिन और गुल्सान शामिल हैं। दोनों आरोपी कम पढ़े-लिखे हैं, लेकिन वाहन चोरी में बेहद शातिर बताए जा रहे हैं। आरोपी मोसिन राजमिस्त्री का काम करता है जबकि गुल्सान ई-रिक्शा मैकेनिक है।
बरामद वाहनों में से कई वाहन देहरादून के विभिन्न थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी डीसीआरबी और अन्य माध्यमों से जुटा रही है। दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि हरिद्वार में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वाहन चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

 

पुलिस टीम

 

प्रभारी निरीक्षक – कुन्दन सिंह राणा

वरिष्ठ उपनिरीक्षक – खेमेन्द्र गंगवार

प्रभारी चौकी बाजार – उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल

उपनिरीक्षक – मनीष भंडारी

उपनिरीक्षक – गम्भीर तोमर

कांस्टेबल – गणेश तोमर

कांस्टेबल – रवि चौहान

कांस्टेबल – कपिल गोला

कांस्टेबल – आलोक नेगी

कांस्टेबल – दिनेश कुमार

कांस्टेबल – मनोज डोभाल

कांस्टेबल – अंकुर चौधरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!