मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, आग की लपटों से स्वाहा हुई बस, दो की मौत, कई घायल
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून/हरिद्वार। रविवार रात रायवाला थाना क्षेत्र के मोतीचूर फ्लाईओवर पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देहरादून से हरिद्वार आ रही रोडवेज बस (यूके-04-पीए-1678) की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। इसके बाद पीछे से आ रही महिंद्रा स्कॉर्पियो बस से टकरा गई, जबकि उसके पीछे चल रहा ट्रक (एआर-46ई-0605) और महिंद्रा एक्सयूवी भी आपस में भिड़ गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो के सीएनजी सिलेंडर में ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे स्कॉर्पियो और रोडवेज बस में आग लग गई और दोनों वाहन बुरी तरह जल गए। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दुर्घटना के कारण फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया। पुलिस द्वारा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करने का प्रयास किया गया। हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया है।

दो की मौत, कई घायल
मृतकों की पहचान कुसुम (30) पत्नी सचिन और सचिन (40) पुत्र नंदराम निवासी भोगपुर, नजीबाबाद (जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। घायल व्यक्तियों में गुलशन (11), सुभाष (40), विक्की (28), आरव (6), लबी (19), नीतू (35), सोनिया (12), अंशिका (6) और दिव्यांशु (8) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी लोग ट्रैक्टर में सवार होकर देहरादून के झंडा मेले से अपने घर बिजनौर लौट रहे थे।
दुर्घटना के कारणों का लगाया जा रहा पता
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!