केदारनाथ यात्रा की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

रूद्रप्रयाग। आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने तिलवाड़ा बाजार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राजमार्ग किनारे हटाए गए अतिक्रमण के मलबे को शीघ्र हटाने और यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत और नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं बेहतर बनाएं।
