टिहरी झील महोत्सव के अंतिम दिन काइट फेस्टिवल में दिखा उत्साह

सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी झील महोत्सव-2026 के अंतिम दिन सोमवार को मुनिकीरेती स्थित पूर्णानंद घाट के समीप खारास्रोत आस्था पथ पर काइट फेस्टिवल का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने स्कूली बच्चों और पर्यटकों को पतंग वितरित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने गंगा को स्वच्छ रखने और संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और सैकड़ों लोगों ने पतंगबाजी का आनंद लिया। रिवर राफ्टिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पर्यटक और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

लेजर शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी शाम
टिहरी। टिहरी लेक फेस्टिवल-2026 के तहत आयोजित मिस्टर-मिस टिहरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में दीया ने मिस टिहरी और शंशाक थपलियाल ने मिस्टर टिहरी का खिताब जीता। विजेताओं को एसडीएम स्नेहिल कुंवर ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। शाम को लेजर शो के माध्यम से कोटेश्वर मंदिर, खैंट पर्वत ट्रेकिंग रूट और टिहरी के ऐतिहासिक व पर्यटन स्थलों की जानकारी प्रस्तुत की गई। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और लोक गायिका श्वेता महारा की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

आईटीबीपी की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
टिहरी। टिहरी लेक फेस्टिवल-2026 में आईटीबीपी की विशेष प्रदर्शनी लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पहली बार प्रदर्शनी में मशीनगन और मोर्टार जैसे भारी हथियारों को नजदीक से देखने का अवसर मिलने पर दर्शकों में उत्साह देखा गया। आईटीबीपी की 12वीं वाहिनी के जवान आगंतुकों को हथियारों और उनके संचालन की जानकारी दे रहे हैं। प्रदर्शनी में पर्वतारोहण उपकरण और हिमस्खलन से बचाव में उपयोग होने वाले साधनों को भी दिखाया गया। साथ ही धराली आपदा के दौरान आईटीबीपी द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की झलक भी प्रस्तुत की गई, जिसे लोगों ने सराहा।
करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब गढ़वाल हीरोज के नाम
टिहरी। टिहरी लेक फेस्टिवल के अंतर्गत बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित करियप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब गढ़वाल हीरोज ने अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में गढ़वाल हीरोज ने 14 गढ़वाल राइफल को 2-1 से हराया। इससे पहले सेमीफाइनल में गढ़वाल हीरोज ने आईआईएमटी मेरठ को 1-0 और 14 गढ़वाल राइफल ने 7 गढ़वाल राइफल को 4-1 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी। समापन समारोह में विजेता टीम को 1.5 लाख रुपये, उपविजेता को 75 हजार और तीसरे-चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
