जनसंवाद बैठक में 44 शिकायतें दर्ज, 26 का मौके पर निस्तारण

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
रुद्रप्रयाग। जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनसंवाद/जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में कुल 44 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 26 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष को संबंधित विभागों को भेजा गया।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण से प्रभावित गोशाला व दुकान के मुआवजे, भूमि प्रकरण, बीपीएल कार्ड, आर्थिक सहायता तथा सड़कों की मरम्मत जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल की भी समीक्षा करते हुए बताया कि वर्तमान में 216 शिकायतें लंबित हैं, जबकि 1 जनवरी 2025 से अब तक 3346 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है।

जन समस्याओं के समाधान पर जिलाधिकारी ने दिया जोर
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 14 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। शिक्षा विभाग के अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए मुख्य शिक्षाधिकारी के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए। जलापूर्ति, सड़क, अतिक्रमण और वन्यजीव से संबंधित शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में 61 शिकायतें दर्ज, 35 का मौके पर समाधान
हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 61 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 35 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेजा गया। शिकायतें राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण और पेयजल से जुड़ी थीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध व संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करें तथा सीएम हेल्पलाइन में लंबित मामलों का भी शीघ्र निस्तारण करें।