शिवालिकनगर में हुआ पार्कों के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ

हरिद्वार। नवोदय नगर वार्ड संख्या 13 स्थित हरिद्वार ग्रीन सोसाइटी में नगर पालिका शिवालिकनगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने क्षेत्र के पांच पार्कों के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा पार्कों के विकास की मांग की जा रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कार्य शुरू किया गया है।
सौंदर्यीकरण के तहत हरियाली बढ़ाने, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता और आकर्षक वातावरण विकसित करने के कार्य किए जाएंगे, जिससे बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्थान मिल सके। इस अवसर पर सोसाइटी के निवासियों ने राजीव शर्मा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के समग्र विकास और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है तथा सभी वार्डों में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
