वनाग्नि नियंत्रण के लिए प्रशिक्षण व मॉक अभ्यास आयोजित

उत्तरकाशी। ग्रीष्मकाल में वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चिन्यालीसौड़ विकासखंड परिसर में प्रशिक्षण, कार्यशाला और मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 68 अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण में आपदा प्रबंधन, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, स्वास्थ्य और पुलिस संचार विभाग के विशेषज्ञों ने वनाग्नि से बचाव, रेस्क्यू, संचार व्यवस्था और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी। वन विभाग के अधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से वनाग्नि रोकथाम और वन संपदा की सुरक्षा के उपाय बताए। कार्यक्रम में व्यावहारिक अभ्यास कर आपदा से निपटने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
