भराड़ीसैंण में विधानसभा बजट सत्र आज से, सुरक्षा चाकचौबंद

भराड़ीसैंण-चमोली। आज से भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित होने वाले विधानसभा बजट सत्र-2026 को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। रविवार को अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरूगेशन ने सत्र ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। विधानसभा गेट और बैरियर पर तैनात कर्मियों को आने-जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश देने को कहा गया।
इस दौरान जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने भी सतर्कता और समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, आरक्षी, महिला पुलिस, यातायात पुलिस, सशस्त्र पुलिस और होमगार्ड सहित बड़ी संख्या में बल तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी, एटीएस, एसडीआरएफ, बीडीएस और हॉक टीम भी सुरक्षा में तैनात रहेंगी।
