टिहरी लेक फेस्टिवल से उत्तराखंड की क्षमताओं का संदेश पहुंचा दुनिया तक: राज्यपाल

टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने टिहरी लेक फेस्टिवल के तीसरे दिन कहा कि इस आयोजन के माध्यम से पर्यावरण, बारामासी पर्यटन, संस्कृति और साहसिक खेलों का संदेश देश-दुनिया तक पहुँचा है।
उन्होंने कहा कि यह महोत्सव न केवल टिहरी बल्कि पूरे उत्तराखंड की क्षमताओं को प्रदर्शित करता है। चार दिनों में 15 से अधिक प्रतियोगिताओं में करीब साढ़े तीन हजार प्रतिभागियों की भागीदारी उत्साहजनक रही। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राज्यपाल ने पहाड़ की बेटियों की दृढ़ इच्छाशक्ति और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए महिला सशक्तिकरण की सराहना की। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और आयोजन के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन की प्रशंसा की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

पारंपरिक वेशभूषा में झलकी उत्तराखण्ड की संस्कृति
टिहरी। टिहरी लेक फेस्टिवल-2026 के अंतर्गत कोटी कॉलोनी कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक वेशभूषा पर आधारित ग्रुप फैशन शो का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की थीम भेष-भूषा, पहनावा, भाषा और संस्कृति रही, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रथम चरण में 22 दलों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 7 दल दूसरे चरण के लिए चयनित हुए। अंतिम परिणाम में देवस्थाली दल ने प्रथम, पछयाण दल ने द्वितीय और अल्पाइन दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता दलों को महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने धनराशि के चेक देकर सम्मानित किया।

हिमालय ओ-2 महोत्सव के दूसरे दिन दिखा रोमांच
देवप्रयाग। टिहरी महोत्सव 2026 हिमालय ओ-2 के दूसरे दिन संगम नगरी देवप्रयाग में भक्ति, स्वास्थ्य और साहस का अनूठा संगम देखने को मिला। अलकनंदा और भागीरथी के पावन संगम तट पर सामूहिक योग शिविर आयोजित किया गया, जहाँ भोर की पहली किरण के साथ स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों ने योग, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षक साक्षी ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। वहीं देवप्रयाग-डाक बंगला रोड पर आयोजित रॉक क्लाइंबिंग में लगभग 50 युवाओं ने भाग लेकर दुर्गम चट्टानों पर चढ़कर अपने साहस का प्रदर्शन किया।

गंगा अवतरण नाटक और आरती ने मोहा मन
टिहरी। टिहरी लेक फेस्टिवल-2026 के अंतर्गत कोटी कॉलोनी में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भव्य कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत गंगा अवतरण के प्रभावशाली नाट्य मंचन और भव्य गंगा आरती से हुई, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद “मेरी प्यारी टिहरी जल में बसी याद” थीम पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें पुरानी टिहरी के इतिहास और संघर्ष को जीवंत रूप में दर्शाया गया। कार्यक्रम का निर्देशन डॉ. विकास फोंदणी ने किया। वहीं बॉलीवुड गायक अमित त्रिवेदी और उनकी टीम की प्रस्तुति ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

संगम पर भव्य महाआरती से गूंजा टिहरी महोत्सव
टिहरी। टिहरी महोत्सव 2026 हिमालय ओ-2 के अंतर्गत देवप्रयाग में आयोजित भजन संध्या और संगम तट पर भव्य महाआरती ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से भर दिया। ऐतिहासिक श्री रघुनाथ मंदिर परिसर में रघुनाथ, भरत और शिव शक्ति कीर्तन मंडलियों ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इसके बाद अलकनंदा और भागीरथी के पवित्र संगम पर महाआरती आयोजित की गई, जहां शंखध्वनि, वैदिक मंत्रोच्चार और हजारों दीपों की रोशनी ने दिव्य वातावरण बना दिया।
82 ट्रैकर्स ने लिया प्रकृति और रोमांच का अनुभव
टिहरी। टिहरी झील महोत्सव-2026 के अंतर्गत देवलसारी से गुजेठा नागटिब्बा तक लगभग 4.5 किलोमीटर की ट्रेकिंग सफलतापूर्वक आयोजित की गई, जिसमें 82 ट्रैकर्स ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने देवलसारी महादेव मंदिर में दर्शन के बाद औतन गांव होते हुए ट्रेक शुरू किया। इस दौरान स्थानीय युवाओं और बच्चों के लिए एडवेंचर जोन में जिपलाइन, वैली क्रॉसिंग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। ट्रेकर्स ने बर्ड वॉचिंग, मॉथ वॉचिंग और हिमालयी जैव विविधता का अवलोकन किया।
प्रतिभागियों ने दिखाया पाक-कला का हुनर
टिहरी। टिहरी लेक फेस्टिवल-2026 के अंतर्गत आयोजित मास्टर शेफ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी पाक-कला का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रघु के सिंह ने प्रथम, वीरपाल ने द्वितीय और विजेंद्र रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला मास्टर शेफ वर्ग में सरिता भंडारी प्रथम, रेनू द्वितीय और सुलोचना तृतीय रहीं। इमर्जिंग कैटेगरी में प्रतीक जोशी प्रथम, कुणाल रावत द्वितीय तथा विनीता प्रजापति तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने धनराशि के चेक देकर सम्मानित किया।
मैराथन में 90 धावकों ने दिखाया जोश
टिहरी। टिहरी लेक फेस्टिवल के तहत भिलंगना ब्लॉक में घनसाली से पिलखी तक 5 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी और नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर किया। मैराथन में 90 धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उम्मेद सिंह राणा प्रथम, विपिन रगड़वाल द्वितीय और अभिषेक बिष्ट तृतीय स्थान पर रहे। महिलाओं में दिव्य ने प्रथम, सगुन ने द्वितीय और श्रुति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को नगद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जवानों ने किया रोमांचक पैराग्लाइडिंग प्रदर्शन
टिहरी। टिहरी लेक फेस्टिवल के दौरान सेना के जवानों ने झील के ऊपर 12 हजार फीट की ऊंचाई से रोमांचक पैराग्लाइडिंग का शानदार प्रदर्शन किया। जवानों ने हवा में हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए टिहरी झील में सुरक्षित लैंडिंग की, जिसे देख दर्शक रोमांचित हो उठे।
नक्षत्र वेधशाला में हुए प्राचीन विज्ञान के दर्शन
देवप्रयाग। टिहरी महोत्सव 2026 के अंतर्गत 20 प्रतिभागियों और आगंतुकों ने देवप्रयाग स्थित ऐतिहासिक नक्षत्र वेधशाला का भ्रमण कर भारतीय खगोल विज्ञान की समृद्ध परंपरा को जाना। वेधशाला के प्रबंधक डॉ. प्रभाकर जोशी ने प्राचीन सूर्य घटी, जल घटी और अन्य खगोलीय यंत्रों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी।
राजमहल में हुए रंगारंग कार्यक्रम
टिहरी। टिहरी झील महोत्सव-2026 के अंतर्गत प्रतापनगर राजमहल में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एकल गीत, समूह गायन, नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद लोकगायक धनराज शौर्य और उनकी टीम ने आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
