मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 38 वरिष्ठ महिलाओं को किया सम्मानित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्य सेवक सदन, देहरादून में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वरिष्ठ मातृशक्ति का सम्मान नारी तू नारायणी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, संस्कृति, जल संरक्षण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाली राज्यभर से 38 वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन महिलाओं का सम्मान हो रहा है, जिनके त्याग, संघर्ष, स्नेह और संस्कारों ने परिवार, समाज और राष्ट्र की नींव को मजबूत किया है। उन्होंने कहा महिलाओं के स्नेह, त्याग और आशीर्वाद से पीढ़ियाँ आगे बढ़ती हैं और समाज निरंतर प्रगति करता है। महिलाएं, मां के रूप में अपने जीवन के प्रत्येक सुख को त्यागकर अपने बच्चों को आगे बढ़ाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा वरिष्ठ महिलाएं, परिवारों के साथ संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों की रक्षक भी हैं।उन्होंने कहा उत्तराखंड की मातृशक्ति का योगदान और भी अधिक प्रेरणादायी और गौरवपूर्ण है। हमारे प्रदेश की महिलाएं परिवार को संभालने के साथ खेत-खलिहानों को संवारती हैं। राज्य की महिलाएं कठिन परिस्थिति में भी मजबूती से आगे बढ़ती हैं। उत्तराखंड की माताओं ने अपने त्याग, परिश्रम और अदम्य साहस से इस राज्य को आगे बढ़ाया है। पहाड़ की असली ताकत उसकी मातृशक्ति है।

समाज के लिए प्रेरणादायी होती हैं महिलाएं
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाली महिलाएं समाज के लिए भी प्रेरणादायी होती हैं। उन्होंने कहा जो व्यक्ति सक्रिय रहेगा वही जीवंत भी रहेगा। सक्रियता जीवन को संपन्न बनती है। उन्होंने कहा महिला सशक्तिकरण की शुरूआत स्वयं अपने घर से शुरू होकर समाज और देश में जाएगी। महिलाएं हमेशा अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करती है। महिला शक्ति ही वह शक्ति है जो परिवार के साथ समाज और देश का भी निर्माण करती हैं।

सचिव श्री चंद्रेश कुमार यादव ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम की मुख्य थीम गिव टू गेन निर्धारित की गई है। इस थीम के अनुरूप ऐसे वरिष्ठ महिलाओं को सम्मानित किया जा रहा है, जो 60 वर्ष से अधिक आयु होने के बावजूद भी सक्रिय, आत्मनिर्भर और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।

ये महिलाएं हुई सम्मानित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद देहरादून से पार्वती देवी नेगी, मीना रवि, डा० ज्योति मरवाह, जनपद नैनीताल से धनुली नेगी, मीनू जोशी, लता हर्बाेला, जनपद रुद्रप्रयाग से भादी देवी, गीता नौटीयाल, रामेश्वरी भट्ट, जनपद चंपावत से उर्मिला चन्द, जनपद पौड़ी गढ़वाल से डॉ कु० उर्मिला राणा, कमला नेगी, पार्वती देवी, जनपद अल्मोडा से मनोरमा जोशी, हेमलता वर्मा, कामिनी कश्यप, जनपद उत्तरकाशी से सरतमा देवी, विशाला भण्डारी, श्रीमती शन्ति ठाकुर, जनपद चमोली से सुशीला सेमवाल, चद्रकला बिष्ट, कलावती देवी, मुन्नी देवी, जनपद बागेश्वर से नीमा दफौटी, नारायणी देवी, गंगा राम, जनपद टिहरी गढ़वाल से सोबती देवी, लता देवी, प्रभा रतूड़ी, जनपद ऊधम सिंह नगर से मीना शर्मा, आशा मुन्जाल, इन्द्रा मिश्रा, हरिद्वार से सैयदा खातुन, बाला देवी उर्फ ब्रज किशोरी, कान्ति एवं पिथौरागढ़ दुर्गा खड़ावत, शकुलन्ता दयाल, देवकी जोशी को सम्मानित किया।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर दर्जाधारी गीता राम गौड़, निदेशक बीएल राणा, विक्रम सिंह, एसके त्रिपाठी, मोहित चौधरी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

महिलाओं को किया सम्मानित
श्रीनगर गढ़वाल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला पौड़ी द्वारा आदिती पैलेस में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिला समूहों और राज्य आंदोलनकारियों सहित महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर अनुराधा वालिया, भवानी रावत, जिला अध्यक्ष प्रमिला भंडारी सहित कई महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

विधायक ने किया मातृशक्ति को सम्मानित
देवप्रयाग। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर के निकट रामपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक विनोद कंडारी ने मातृशक्ति को सम्मानित किया। इस दौरान अंडर-14 वॉलीबॉल की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आराध्य पोखरिया और पीरियांशी पड़ियार को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र की कई गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

महिलाओं ने ऑनलाइन कार्यक्रम में किया प्रतिभाग
श्रीनगर गढ़वाल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा “देने से पाओ’ विषय पर ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सौरभ यादव के स्वागत भाषण से हुआ, जबकि संचालन डॉ. पवन सिंह राणा ने किया। मुख्य वक्ता काउंसलिंग मनोवैज्ञानिक लीना गुरूंग ने प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में मानसिक स्वास्थ्य पर विचार रखे, वहीं मेजर (डॉ.) खुशबू गौर ने “सशक्त महिला, सशक्त राष्ट्र” विषय पर अपने अनुभव साझा किए। विभागाध्यक्ष प्रो. पूजा सकलानी ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।

नारी है समाज की शक्ति और संस्कारों की धरोहर
देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, सुभाषनगर सेवाकेन्द्र में “नारी शक्ति’आध्यात्मिक सशक्तिकरण” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि गीता पुष्कर धामी ने कहा कि नारी समाज की शक्ति और संस्कारों की धरोहर है। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और संस्कारों के माध्यम से सशक्त बनने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. स्वाति मिश्रा ने राजयोग मेडिटेशन को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहीं: गणेश गोदियाल
देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं में नेतृत्व क्षमता प्रबल होती है और वे सदियों से समाज को दिशा देती आई हैं। गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन में भी मातृ शक्ति की अहम भूमिका रही, जिसे हमेशा याद किया जाएगा।
‘‘साड़ी गौरव मैराथन’’ में दिखा महिलाओं का उत्साह
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय, देहरादून द्वारा महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में ‘‘साड़ी गौरव मैराथन’’ का आयोजन किया गया। नारी निकेतन चौराहा से शुरू हुई मैराथन दून विश्वविद्यालय रोड पर 2 और 3 किमी दूरी तक आयोजित हुई, जिसमें 70 से अधिक महिलाओं ने पारंपरिक साड़ी पहनकर भाग लिया। मुख्य अतिथि राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष गीता खन्ना ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। 2 किमी दौड़ में नविता प्रथम, रेखा चौहान द्वितीय व मीनू तड़ियाल तृतीय रहीं, जबकि 3 किमी में गीता बहुगुणा प्रथम रहीं। कार्यक्रम का आयोजन मीना बिष्ट के नेतृत्व में किया गया।
एथलेटिक्स लीग में महिलाओं ने दिखाया दम
देहरादून। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत और खेलो इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून और नैनीताल में अस्मिता एथलेटिक्स लीग का आयोजन किया गया। रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि और हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम में 100, 200 और 400 मीटर दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें अंडर-13, 13-18 और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतिभागियों ने भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और खेल प्रशिक्षकों ने महिलाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
महिलाओं व पूर्व सैनिकों का सम्मान
उत्तरकाशी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति की बैठक जिला कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। इस दौरान त्रिशक्ति महिला मंच की 23 महिलाओं और 125 पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। बैठक में अनुशासन समिति का गठन भी किया गया, जिसमें कैप्टन कल्याण सिंह, सूबेदार तेजमल शाह, हवलदार विनोद रावत और नायक रविंद्र पवार को शामिल किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित
उत्तरकाशी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग और जिला प्रोबेशन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, एडीएम मुक्ता मिश्र और ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार उपस्थित रहे। इस दौरान समाज सेवा, स्वरोजगार, कृषि और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली माहेश्वरी भट्ट, गायत्री देवी सेमवाल, सुलोचना गौड़ और सुराजी देवी को सम्मानित किया गया।
पुलिस ने महिलाओं को किया जागरूक
उत्तरकाशी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘पुलिस आपके द्वार’ और ‘अभया’ अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने ग्राम मानपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। उपनिरीक्षक गीता ने महिलाओं से जुड़े कानूनों और विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी दी।
