जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के दृष्टिगत चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाना था।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन, रेडियोलॉजी, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी लैब सहित विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल के कक्षों में आवश्यक सूचना बोर्ड व साइनेज लगाने तथा प्रसव कक्ष के बाहर लिंगानुपात चार्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
अस्पताल में आभा आईडी सेवाएं संचालित न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसे शीघ्र शुरू करने को कहा। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था सुधारने, मशीनों को कार्यशील रखने और मरीजों को यथासंभव जिला अस्पताल में ही उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
