ड्रग निरीक्षक कार्यालय पर युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

हरिद्वार। हरिद्वार के शिवालिक नगर स्थित ड्रग निरीक्षक कार्यालय पर युवा कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष कैश खुराना के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात होकर मनमानी कर रहे हैं और सरकार उनकी कार्यशैली पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने कहा कि प्रदेश में अधिकारियों का हर तीन वर्ष में स्थानांतरण होना चाहिए, लेकिन यह नियम सभी पर समान रूप से लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई अधिकारी वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात हैं और अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ऐसे अधिकारियों और सरकार के कथित गठजोड़ को जनता के सामने लाएगी।
राजबीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठाने पर झूठे मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण नहीं किया जाएगा, तब तक कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। इस दौरान अमित गुप्ता, अंकुर सैनी, लक्ष्य चौहान, बन्नी ठाकुर, ऋषि कुमार, कान्हा शर्मा, मृत्युंजय पांडे, राहुल शर्मा, मयंक त्यागी, हरजीत मेहरा, विवेक बाबरे, पवन चौहान और आशीष पंवार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
