लोक संस्कृति और पारिवारिक एकता का सुंदर संदेश देता है छठ महापर्व: मुख्यमंत्री

देहरादून/खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्वांचल सेवा समिति द्वारा संजय रेलवे पार्क, खटीमा में आयोजित सूर्य षष्ठी व्रत महोत्सव (छठ पूजा) में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल सेवा समिति के पदाधिकारियों को भव्य आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि छठ पूजा आस्था, अनुशासन, तप और प्रकृति के प्रति सम्मान की प्रेरणा देती है। यह पर्व लोक संस्कृति और पारिवारिक एकता का सुंदर संदेश देता है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर अपनी संस्कृति और विकास मॉडल के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार मोदी जी की प्रेरणा से देवभूमि के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने खटीमा को अपना घर बताते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी एवं कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
