होली के बीच वन माफिया पर वार, आम की लकड़ी से भरा ट्रैक्टर पकड़ा

हरिद्वार। होली के उल्लास के बीच भी वन माफिया हरियाली पर वार करने से बाज नहीं आए। मंगलौर क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान अवैध कटान का बड़ा मामला सामने आया है। वन विभाग की सतर्कता के चलते लकड़ी से भरा एक महिंद्रा ट्रैक्टर पकड़ लिया गया, जबकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मंगलौर वन बीट प्रभारी ठाकुर सत्यवीर सिंह अपनी टीम के साथ रात के समय नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। पास जाकर देखा तो कुछ लोग महिंद्रा ट्रैक्टर में आम के पेड़ों की लकड़ियां लादकर ले जा रहे थे।वन कर्मियों को देखते ही तस्करों में हड़कंप मच गया। उन्होंने ट्रैक्टर को तेज गति से भगाने की कोशिश की। इस पर बीट प्रभारी ठाकुर सत्यवीर सिंह ने तत्परता दिखाते हुए टीम के साथ उनका पीछा किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद दबाव बढ़ता देख तस्कर ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने मौके से ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। ट्रैक्टर में अवैध रूप से काटी गई आम की लकड़ियां भरी हुई मिलीं। वन विभाग ने लकड़ी को जब्त कर लिया है और ट्रैक्टर को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि अवैध कटान में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
