आंगनबाड़ी केंद्रों की राशन आपूर्ति पर बड़ा एक्शन, रुड़की के सेंट्रल गोदाम पर छापेमारी

देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने रुड़की के माड़ी चौक स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों को राशन आपूर्ति करने वाले सेंट्रल गोदाम पर छापेमारी की। आंगनबाड़ी केंद्रों पर भेजी जा रही सामग्री की खराब गुणवत्ता की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान गोदाम में कई अनियमितताएं सामने आईं। खजूर और केले के चिप्स के पैकेटों पर मैन्युफैक्चर और एक्सपायरी तिथि संदिग्ध पाई गई, जबकि कई पैकेटों पर तिथि का उल्लेख ही नहीं था और कहीं-कहीं स्टैंप से तिथि अंकित की गई थी।
जांच के दौरान गोदाम में बाल श्रमिक भी मिले, जिस पर डीएम ने गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। अंडों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई तथा दिसंबर और जनवरी की खाद्य सामग्री मार्च में वितरित किए जाने के संकेत मिले। डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों को भेजे जा रहे वाहनों को रुकवाकर सैंपलिंग कराई और संबंधित अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर, जिला कार्यक्रम अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
