गृह मंत्री अमित शाह का कल हरिद्वार दौरा, मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के कल यानि 7 मार्च को प्रस्तावित हरिद्वार दौरे को लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बैरागी कैंप स्थित कार्यक्रम स्थल पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ तथा गृह सचिव शैलेश बगौली सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पांडाल, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता तथा सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। इसके साथ ही राज्य की विकास यात्रा और नए कानूनों से संबंधित प्रस्तावित प्रदर्शनी की तैयारियों को भी परखा गया। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण कर लिया जाए, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की कमी न रह जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री का यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं त्रुटिरहित और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संभावित बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त, जिलाधिकारी, एसएसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!