विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

हरिद्वार/लक्सर। खानपुर थाना क्षेत्र के पोडोवाली गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दरगाहपुर निवासी परिजन ग्रामीणों के साथ थाना खानपुर पहुंचे और अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
परिजनों के अनुसार मृतका संगीता की शादी करीब नौ वर्ष पहले पोडोवाली गांव में हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाता था। चचेरे भाई राहुल सैनी ने बताया कि संगीता की तीन बेटियां थीं, जिनमें से एक की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जबकि दो बेटियां जीवित हैं। बेटियों को लेकर भी उसे लगातार परेशान किया जाता था।
परिजनों का आरोप है कि 28 फरवरी को संगीता के साथ मारपीट की गई और एक मार्च को गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा। मामले की जांच जारी है।
