17 लाख से अधिक लाभार्थियों ने उठाया आयुष्मान योजना का लाभ: डॉ. धन सिंह

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
देहरादून। प्रदेश में आयुष्मान योजना के तहत अब तक 17 लाख से अधिक मरीजों का निःशुल्क उपचार किया जा चुका है, जिस पर राज्य सरकार द्वारा 3300 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में लोगों ने योजना का लाभ उठाया है। देहरादून में 4.18 लाख, हरिद्वार में 3.21 लाख, ऊधमसिंह नगर में 2.81 लाख और नैनीताल में 1.59 लाख से अधिक मरीजों का निःशुल्क उपचार हुआ है। डॉ. रावत ने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना के तहत भी 4 लाख से अधिक कार्मिकों और पेंशनरों को कैशलेस उपचार की सुविधा दी गई है, जिस पर 641 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के तहत 25 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड बनाए गए हैं, जिनमें से 11 हजार से अधिक लाभार्थियों ने मुफ्त उपचार का लाभ उठाया है।
