एसएसपी दून ने शहर के व्यस्ततम चौराहों का किया निरीक्षण, यातायात सुधार के दिए निर्देश


देहरादून। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने बुधवार को रिस्पना चौक, कारगी चौक और आईएसबीटी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को यातायात के सुगम संचालन और जाम की समस्या कम करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
रिस्पना चौक पर निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुल के पास बने ऑटो स्टैंड और सामने स्थित डिवाइडर के कारण बढ़ रहे दबाव को देखते हुए संबंधित विभाग से समन्वय कर डिवाइडर को थोड़ा पीछे करने के निर्देश दिए, ताकि मार्ग चौड़ा होकर यातायात सुचारू रूप से चल सके।
आईएसबीटी क्षेत्र में सड़क किनारे नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को क्रेन से हटाने, बसों और सवारी वाहनों द्वारा सड़क पर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही चौकी के बाहर खड़े सीज वाहनों को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने को कहा गया।
कारगी चौक पर पुलिस बूथ को पीछे करने और अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!