स्वास्थ्य मंत्री ने 254.41 लाख की सड़क का किया शिलान्यास, जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 254.41 लाख रुपये की लागत से ढौरदृसकन्याणा तल्ला मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। मार्ग के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी और विद्यार्थियों को स्कूल व महाविद्यालय जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना संभव होगा, जिससे अमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकेगी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए।

जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण

इसके उपरांत मंत्री ने जिला चिकित्सालय पौड़ी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।


मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना

मंत्री ने थलीसैंण में हुई सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों से भी भेंट की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। चिकित्सकों को घायलों के समुचित उपचार और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण की भावना से प्रेरित होकर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!