एकीकृत पर्यावरण क्षमता निर्माण कार्यशाला में दी जानकारी

देहरादून। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून द्वारा एकीकृत पर्यावरणीय क्षमता निर्माण कार्यशाला की शुरुआत की गई है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट काशीपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में 210 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। अब अप्रैल में देहरादून में बड़े स्तर पर इसका आयोजन प्रस्तावित है।
इस कार्यशाला का उद्देश्य उद्योग, शिक्षा जगत और नीति निर्माताओं को एक साझा मंच पर लाकर पर्यावरण प्रबंधन को टिकाऊ औद्योगिक विकास से जोड़ना है। सत्रों में पर्यावरण प्रभाव आकलन, पारिवेश 2.0 प्रणाली, सहमति प्रक्रिया और अनुपालन तंत्र पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने कहा कि पर्यावरणीय अनुपालन को बोझ नहीं, बल्कि दीर्घकालिक सतत विकास और प्रतिस्पर्धात्मक सुदृढ़ता के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए।
