नंदादेवी राजजात यात्रा से पिंडर घाटी को मिलेंगी नई पार्किंग सुविधाएं

थराली। विश्व प्रसिद्ध श्री नंदादेवी राजजात यात्रा के तहत पिंडर घाटी के चार प्रमुख कस्बों में पार्किंग, विश्राम गृह और शौचालय निर्माण को स्वीकृति मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास कार्यों के लिए धनराशि जारी करने की सहमति दी है, जिससे लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
विकासखंड नारायणबगड़ के भगोती में 94 वाहनों की पार्किंग हेतु 79.56 लाख रुपये, थराली के चेपड़ो में पार्किंग व विश्राम गृह के लिए 71.67 लाख रुपये तथा देवाल के सरकोट में 63 चौपहिया व 9 दुपहिया वाहनों की पार्किंग, दो कक्षीय विश्राम गृह व शौचालय निर्माण हेतु 1.14 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। देवाल मुख्यालय में बहुमंजिला पार्किंग के लिए प्रथम किस्त के रूप में 11.31 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा सहित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
