बेस अस्पताल को मिली हाई-टेक एम्बुलेंस, बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने पर जोर

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर के बेस चिकित्सालय में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हाई-टेक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बेस चिकित्सालय को समर्पित किया गया।
डॉ. रावत ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेश की 1 लाख 22 हजार बेटियों को 90 दिनों में निरूशुल्क टीका लगाया जाएगा। इसके लिए 155 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह टीका बाजार में साढ़े चार हजार रुपये का है, जिसे सरकार निःशुल्क उपलब्ध करा रही है।
मंत्री ने बेस अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले हजारों मरीजों की सुविधा के लिए तीन मंजिला पार्किंग निर्माण हेतु तीन करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी। इसके अलावा डॉक्टरों, छात्रों और स्टाफ के आवासीय समस्या निवारण हेतु डैम कॉलोनी में आवासों का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम में प्राचार्य, चिकित्सालय अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और बेटियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट हुई।
