प्रत्येक जनपद में स्थापित होंगे मॉडल सहकारिता गांव: डॉ. धन सिंह

सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। प्रदेश के सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने राज्य के प्रत्येक जनपद में एक-एक मॉडल सहकारिता गांव स्थापित करने की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने अपने शासकीय आवास पर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्कृत गांव की तर्ज पर विकसित होने वाले ये मॉडल गांव सहकारिता आधारित आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सशक्त उदाहरण बनेंगे।
डॉ. रावत ने बताया कि इन गांवों में सहकारी बैंक, सीएससी केंद्र तथा सहकारी बाजार की स्थापना की जाएगी। सहकारी बाजार स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों, किसान समूहों और ग्रामीण उत्पादकों को अपने उत्पादों के विपणन का मंच प्रदान करेगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण आय में वृद्धि होगी।
बैठक में 50 सहकारी सचिवों को अध्ययन भ्रमण हेतु गुजरात भेजने का निर्णय भी लिया गया, ताकि वे सफल मॉडलों का अध्ययन कर अपनी समितियों को सुदृढ़ बना सकें। घाटे में चल रही समितियों के पुनर्जीवन हेतु ब्लॉक स्तर पर समीक्षा बैठकों और ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए। सहकारी समितियों और बैंकों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया गया। मंत्री ने कहा कि यह पहल ग्रामीण विकास की नई मिसाल स्थापित करेगी।
