शिक्षा मंत्री ने की उच्च एवं विद्यालयी शिक्षा विभाग की संयुक्त समीक्षा

देहरादून। प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर दोनों विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में नई दिल्ली में प्रस्तावित केंद्रीय शिक्षा मंत्री की बैठक की तैयारियों की समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रस्तुतीकरण अद्यतन आंकड़ों व परिणामोन्मुखी बिंदुओं पर आधारित हो।
उन्होंने राजकीय महाविद्यालयों में फैकल्टी, आधारभूत संरचना, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं व डिजिटलीकरण का विस्तृत विवरण शामिल करने को कहा। एनईपी-2020, नेशनल क्रेडिट फ्रेमवर्क, कौशल कार्यक्रम और भारतीय ज्ञान परंपरा आधारित पाठ्यक्रमों को प्रमुखता देने के निर्देश दिए। विद्यालयी शिक्षा में 8 मार्च तक शौचालय व्यवस्था, 1 अप्रैल तक पाठ्यपुस्तक उपलब्धता, शत-प्रतिशत विद्युतीकरण व आईसीटी लैब कार्य पूर्ण करने को कहा गया। बालिका शिक्षा, छात्रवृत्ति योजनाएं व नामांकन दर पर विशेष फोकस रखने के निर्देश भी दिए गए।
