चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर एक्शन मोड में प्रशासन

रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम बनाने हेतु जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने गौरीकुंड से घोड़ापड़ाव तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मलबा हटाने, सिंकिंग जोन के उपचार और सुरक्षा कार्य समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण हटाने, संकेतक पट्ट, क्रैश बैरियर, पैचवर्क व सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया। यात्रा मार्ग पर शौचालय, पेयजल, सौर प्रकाश, पार्किंग व शटल सेवा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी कार्य 15 से 30 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
