वित्तीय व्यवहार्यता तथा कार्यान्वयन की संभावनाओं पर किया विचार-विमर्श
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में गुरूवार को निजी सहभागिता आधारित योजना के अंतर्गत चयनित संस्थाओं द्वारा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विस्तृत प्रस्तुतीकरण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना के तहत जनपद में उद्यमिता विकास, महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन को नई दिशा प्रदान करना रहा।
बैठक में चयनित संस्थाओं द्वारा विभिन्न विकासखण्डों में स्वरोजगार एवं समूह आधारित उद्यमों की स्थापना से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। प्रस्तुतीकरण के दौरान तकनीकी क्षमता, वित्तीय व्यवहार्यता तथा कार्यान्वयन की संभावनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक, सहायक परियोजना निदेशक, कृषि विकास अधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक एवं सहायक प्रबंधकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रस्तावों का मूल्यांकन किया और आवश्यक सुझाव दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि निजी क्षेत्र की भागीदारी से जनपद में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण युवाओं को सशक्त मंच मिलेगा। उन्होंने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के निर्देश दिए।
