चारधाम यात्रा के लिए सभी व्यवस्थाएं करें चाक-चौबंद: जिलाधिकारी
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट एनआईसी कक्ष, रोशनाबाद में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा से जुड़े सभी विभागों की कार्ययोजना और तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी यात्रियों का पंजीकरण ऋषिकुल मैदान में किया जाएगा, जहां जर्मन हैंगर युक्त टेंट में अस्थायी पंजीकरण केंद्र स्थापित होगा। यहां बिजली, पानी, शौचालय, पंखे सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी ने 20 पंजीकरण काउंटर शिफ्टवार संचालित करने और उन्हें प्रातः 7 बजे से सायं 7 बजे तक खोलने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आवश्यकता पड़ने पर होल्डिंग एरिया चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। एसपी सिटी अभय सिंह ने पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। परिवहन विभाग को ट्रिप कार्ड/ग्रीन कार्ड और वाहन संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु ऋषिकुल मैदान में हेल्पडेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम को पंजीकरण केंद्र व होल्डिंग एरिया में शौचालय, मोबाइल टॉयलेट और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने, जबकि पूर्ति विभाग को भोजन-पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!