एचआरडीए ने 105 बीघा अवैध प्लॉटिंग को कराया ध्वस्तीकरण

हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 105 बीघा भूमि में की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कराया। यह कार्रवाई एचआरडीए की उपाध्यक्ष सोनिका के निर्देश पर की गई।
एचआरडीए के सचिव मनीष कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिना स्वीकृति और भूमि उपयोग परिवर्तन के लगातार अवैध कॉलोनियां काटे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में बुधवार को ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के पूरणपुर साल्हापुर में कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान प्रॉपर्टी डीलर प्रदीप चौधरी द्वारा काटी जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया गया और कब्जाए गए तीन चकमार्ग भी अतिक्रमण मुक्त कराए गए। एचआरडीए ने सख्त चेतावनी दी है कि बिना अप्रूव्ड कॉलोनी में प्लॉटिंग नहीं की जा सकेगी। प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें, क्योंकि वहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहता है।
