राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की योजनाओं का किया जाए प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनएचएम के तहत संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं के सही क्रियान्वयन पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्थिति में घरेलू प्रसव न होने दिया जाए। सभी बच्चों, विशेषकर मलिन बस्तियों एवं श्रमिकों के बच्चों का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पीसीपीएनडीटी एक्ट का कड़ाई से पालन, आयुष्मान कार्ड केवल पात्रों को जारी करने तथा बच्चों को नशे से दूर रखने हेतु जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही टीवी उन्मूलन कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
