विशेष चेकिंग अभियान में 312 चालान, 51 वाहन सीज

हरिद्वार। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा जनपद हरिद्वार में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि यह अभियान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून डॉ. अनीता चमोला के निर्देशानुसार तथा एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिद्वार नेहा झा के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान कुल 312 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन पाए जाने पर 51 वाहनों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त 50 से अधिक स्कूल वाहनों की विशेष जांच की गई, जिसमें सुरक्षा मानकों, आवश्यक दस्तावेजों, प्राथमिक उपचार किट एवं अग्निशामक यंत्र की जांच की गई। चेकिंग के दौरान बिना लाइसेंस, बिना टैक्स, बिना परमिट, ओवरलोडिंग, अवयस्क द्वारा वाहन संचालन एवं शराब पीकर वाहन चलाने जैसे उल्लंघन सामने आए। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए बताया कि ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
