पांच बार के नगर विधायक ऐसे आयोजनों से होते रहे हैं मजबूत
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / कुमार दुष्यंत,
हरिद्वार। हरिद्वार में विधानसभा चुनाव से पहले विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपना शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया है। होली के बहाने भी जनसमूह जुटाकर विपक्ष के होश फाख्ता करने की तैयारी है।

हरिद्वार में 1 मार्च को भाजपा और कांग्रेस के होली मिलन समारोह रखे गए हैं। भाजपा का आयोजन ऋषिकुल मैदान में है तो कांग्रेस ने अलग-अलग दो बैंकट हॉल में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटाने की तैयारी की है। दोनों दल फिलहाल भीड़ जुटाकर जन प्रदर्शन में एक दूसरे को मात देने की तैयारी में हैं हालांकि भाजपा की तैयारियां कहीं अधिक संगठित रूप से चलती दिखाई दे रही हैं। इसका बड़ा कारण ये है कि विधानसभा स्तर के होली मिलन समारोह पर हरिद्वार से पांच बार के विधायक मदन कौशिक स्वयं नजर रखे हैं। उनके समर्थकों की पूरी फौज इस आयोजन को सफल बनाने में जुटी है। इसके लिए पूरी विधानसभा में बूथ स्तर तक के प्रभारियों को भीड़ जुटाने के ‘टास्क’ दिये गये हैं। भीड़ जुटाने का लक्ष्य पूरा करने में विधायक जी को मैयर का भी सहयोग मिल रहा है। इस लिहाज से नगर विधायक मदन कौशिक का यह आयोजन भीड़ की दृष्टि से उल्लेखनीय रहने वाला है। नगर विधायक के आयोजन में हरिद्वार सांसद तो कांग्रेस के आयोजन में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल मौजूद रहेंगे।
समारोह को लेकर नगर विधायक के अभिन्न सहयोगी व कार्यक्रम संयोजक विकास तिवारी ने बताया कि इसबार कार्यक्रम में बरसाने की टोलियां भी विशेष आकर्षण होगी, जिससे भीड़ के पुराने रिकॉर्ड टूटेंगे। वहीं कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने बताया कि रणनीतिक दृष्टि से कांग्रेस ने दो अलग-अलग कार्यक्रम रखे हैं। दोनों कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
होली-दीवाली पर बिछती है विधायक की बिसात
हरिद्वार नगर विधायक मदन कौशिक पिछले ढाई दशक से अपने विरोधियों पर भारी हैं। इस दौरान हुए पांच विधानसभा चुनाव में प्रमुख प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस ने पूर्व चेयरमैन पारस कुमार जैन व सतपाल ब्रह्मचारी (मौजूदा सांसद) तथा संस्कृत अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी जैसे सूरमाओं को उनके सामने उतारा लेकिन सभी ढेर हो गए। माना जाता है कि नगर विधायक हर वर्ष होने वाले अपने होली, दीवाली, रक्षाबंधन जैसे समारोह से जनता से सीधे जुड़े रहते हैं और यह आयोजन ही उनकी जीत का आधार तैयार करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!