डीएम व एसपी ने किया बदरीनाथ धाम तक राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण

चमोली। चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कमेड़ा से बदरीनाथ धाम तक राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारी बस में सवार होकर लगभग 160 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग का जायजा लेते हुए विभिन्न पड़ावों पर रुके और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाएं, पंजीकरण केंद्र, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट एवं सड़क सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने एनएचआईडीसीएल को संवेदनशील व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में फ्लड लाइट एवं साइन बोर्ड लगाने, मलवा शीघ्र हटाने और निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को जांच केंद्र सक्रिय करने तथा दवाइयों और चिकित्सकीय स्टाफ की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
