सफाई कर्मचारियों का किसी भी दशा में न हो उत्पीड़न

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना जनपद भ्रमण पर हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान नगर पालिका परिषद लक्सर के सभागार में सफाई कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि पर्यावरण मित्रों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ हर हाल में सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सफाई कर्मचारियों का उत्पीड़न किसी भी स्थिति में न हो और सभी कार्मिकों को समय पर वेतन भुगतान किया जाए। दस वर्षों से संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में नगर पालिका, नगर पंचायतों के अधिकारी, सफाई यूनियन पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
