शराब और लालच ने ली जान, नहर पटरी पर युवक की हत्या का खुलासा
हरिद्वार। जनपद के मंगलौर क्षेत्र में नहर पटरी पर मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 17 फरवरी की सुबह पुराने पीर के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था।
मृतक की पहचान मंगलौर निवासी प्रदीप के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के दौरान पुलिस की शंका सराय ज्वालापुर निवासी विनायक त्यागी पर गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मुलाकात प्रदीप से शराब के ठेके पर हुई थी। दोनों नहर किनारे बैठकर शराब पीने लगे। इसी दौरान आरोपी को पता चला कि प्रदीप के पास नगदी है। पैसों के लालच में उसने पहले प्रदीप पर हमला किया और फिर पास पड़े पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। वार इतना गंभीर था कि प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी उसके पास से करीब 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सनी जैकेट और लूटी गई नगदी बरामद कर ली गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह लालच में की गई हत्या थी, जिसे पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत और सटीक जांच के बल पर सुलझाया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
