जनगणना कार्य में शत-प्रतिशत शुद्धता सुनिश्चित करें अधिकारी: डीएम


पौड़ी। आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिला कार्यालय सभागार पौड़ी में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने चार्ज अधिकारियों, चार्ज सहायकों एवं कर्मचारियों को जनगणना कार्य को पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता और शत-प्रतिशत शुद्धता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसके आंकड़े विकास नीतियों, योजनाओं और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण का आधार बनते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण सत्र व्यवहारिक और संवादात्मक होने चाहिए, ताकि जमीनी स्तर पर कार्य करते समय किसी प्रकार की कठिनाई न आए। उन्होंने आमजन की भागीदारी को भी आवश्यक बताते हुए जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने जनगणना को संवैधानिक दायित्व बताते हुए क्षेत्रीय तैयारी, सीमाओं के सही निर्धारण और नियमित फील्ड मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उपनिदेशक जनगणना निदेशालय प्रवीण कुमार ने बताया कि जनगणना-2027 पहली बार पूर्णतः डिजिटल होगी। प्रगणक मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़े एकत्र करेंगे और संपूर्ण प्रबंधन सीएमएमएस पोर्टल से होगा। कार्यशाला में जनगणना प्रक्रिया, जियो-टैगिंग, वेब मैपिंग और रिपोर्टिंग प्रणाली पर विस्तृत जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!