कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा, एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार की अध्यक्षता में पुलिस लाइन पौड़ी में जनवरी माह की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा और पुलिसिंग की गुणवत्ता की गहन समीक्षा की गई। एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, गिरफ्तारी प्रतिशत बढ़ाने, महिला एवं बाल अपराधों में शून्य सहनशीलता तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए।
उन्होंने ऑपरेशन क्रैकडाउन वेरिफिकेशन ड्राइव को गंभीरता से संचालित करने, ज्वैलर्स, बैंकों व बड़े प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित करने और नशा उन्मूलन अभियान को और अधिक परिणाममुखी बनाने पर जोर दिया। यातायात नियमों के उल्लंघन, ओवरस्पीडिंग व ड्रंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 21 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना व शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
