जिला चिकित्सालय में टीबी की त्वरित जांच सुविधा शुरू

चमोली। चमोली में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। गुरुवार को जिला चिकित्सालय में टीबी की त्वरित जांच हेतु ट्रू-नॉट उपकरण स्थापित किया गया। यह उपकरण ओएनजीसी द्वारा कॉर्पाेरेट सामाजिक दायित्व के तहत स्वास्थ्य विभाग को प्रदान किया गया है। अब टीबी की जांच अधिक तेज़ और सटीक रूप से संभव हो सकेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि समय पर जांच से टीबी का प्रभावी उपचार संभव है और मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। इस सुविधा से जनपद में टीबी नियंत्रण अभियान को और मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग व ओएनजीसी के अधिकारी उपस्थित रहे।
