बोर्ड परीक्षाओं के लिए 356 केंद्र व्यवस्थापकों को दिया प्रशिक्षण

चमोली। जनपद में 21 फरवरी से 20 मार्च तक हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। कुल 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 101 मिश्रित और 6 एकल केंद्र शामिल हैं। हाईस्कूल में 4814 और इंटरमीडिएट में 4410 परीक्षार्थी शामिल होंगे, कुल 9224 छात्र-छात्राएं उपस्थित होंगी।
पीएम श्री अटल उत्कृष्ट श्री गीता स्वामी राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा 356 केंद्र व्यवस्थापकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निर्देश दिए कि परीक्षाएं शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हों। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने केंद्रों की 100 गज परिधि में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने और अनुचित गतिविधियों पर नियंत्रण की बात कही। प्रशिक्षण में मुख्य शिक्षा अधिकारी, प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक और खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
