बड़ा एक्शन: जन औषधि केंद्र व निजी मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निरस्त


देहरादून। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रायपुर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर अनियमितताओं की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। शिकायत में बताया गया कि केंद्र संचालक बलवीर सिंह रावत द्वारा जन औषधि केंद्र के करीब ही निजी मेडिकल स्टोर मै० रावत मेडिकोज संचालित किया जा रहा था, जिससे हितों का टकराव उत्पन्न हुआ। जांच में पाया गया कि जन औषधि केंद्र में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पीएमबीआई के आधिकारिक सॉफ्टवेयर का उपयोग नहीं हुआ, बिलिंग मैनुअल थी और मांग-आपूर्ति प्रक्रिया पोर्टल के बजाय व्हाट्सएप के माध्यम से की जा रही थी।
इसके कारण मरीज सस्ती दवाओं के लिए निजी मेडिकल स्टोर से खरीदने को विवश थे। स्टॉक, पंजिका और इन्वेंट्री अव्यवस्थित पाई गई। लाइसेंस नवीनीकरण दस्तावेजों में विसंगतियां, एक ही रेफ्रिजरेटर बिल का उपयोग, एसी की कार्यशीलता में गलत घोषणा और समाप्त किरायानामा भी शामिल थे।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार और वरिष्ठ औषधि निरीक्षक ने जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की। अनियमितताओं के आधार पर दोनों केंद्रों के लाइसेंस निरस्त किए गए। जिला प्रशासन ने कहा कि जनहित में सस्ती और सुलभ दवा उपलब्ध कराने हेतु सभी अनियमितताओं पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और मरीजों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!