प्रथम गांव माणा में देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव 2025 का हुआ उद्घाटन

चमोली। लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा ने जनपद चमोली के भारत के प्रथम गाँव माणा में आयोजित देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव 2025 का उद्घाटन किया। यह महोत्सव भारतीय सेना और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया। स्थानीय लोग, पर्यटक और गणमान्य व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महोत्सव में गढ़वाली लोक नृत्य, प्रसिद्ध गढ़वाली बैंड और गायकों के शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ कारीगरों के हस्तशिल्प प्रदर्शनों ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्थानीय कारीगरों और किसानों के स्टालों में पारंपरिक बुनाई, लकड़ी के हस्तशिल्प और जैविक उत्पादों का प्रदर्शन हुआ। “नो योर आर्मी” प्रदर्शनी ने सेना और आमजन के बीच जुड़ाव को दर्शाया। दिन का समापन अलकनंदा आरती के साथ हुआ, जो संस्कृति और विश्वास का प्रतीक रही। यह महोत्सव न केवल मनोरंजन का अवसर है, बल्कि पर्यटन, रोजगार सृजन, सीमावर्ती क्षेत्रों में आर्थिक विकास और युवाओं तथा समुदायों के सशक्तिकरण का भी माध्यम बन रहा है।
