लाखों का सीमेंट बेचकर फरार चालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

चमोली। जनपद चमोली के कर्णप्रयाग क्षेत्र में लाखों रुपये का सीमेंट व अन्य सामग्री बेचकर फरार हुए ट्रक चालक को कर्णप्रयाग पुलिस ने रुद्रप्रयाग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 2.65 लाख रुपये मूल्य का सीमेंट, इंजन ऑयल व अन्य सामग्री तथा 38,200 रुपये नगद बरामद किए हैं।
15 फरवरी को ऋषिकेश निवासी हरजोत सिंह टक्कर की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि चालक जयवीर सिंह ने ट्रक में लदा सीमेंट व अन्य सामान कर्णप्रयाग क्षेत्र में सस्ते दामों पर बेच दिया और फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक चमोली के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया है। गबन की सामग्री खरीदने वालों को नोटिस जारी किए गए हैं।
