धमकी भरे मेल के बाद उत्तरकाशी न्यायालय परिसरों में हाई अलर्ट, सघन चेकिंग

उत्तरकाशी। जिला एवं सत्र न्यायालय उत्तरकाशी की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा संदेश प्राप्त होने के बाद उत्तरकाशी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस व इंटेलिजेंस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। एहतियातन न्यायालय परिसर को खाली कराकर पुलिस, पीएसी, दमकल व एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गईं।

साथ ही बीडीएस और डॉग स्क्वाड की टीमों द्वारा न्यायालय परिसर का तकनीकी मुआयना किया जा रहा है। जनपद के सभी न्यायालय परिसरों में सघन चेकिंग व फ्रिस्किंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए बताया कि एसओपी के तहत पूरी सतर्कता से कार्रवाई की जा रही है।
धमकी भरा मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध कोतवाली उत्तरकाशी में आईटी एक्ट व भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। निरीक्षण के दौरान न्यायाधीशगण, एसडीएम भटवाड़ी, सीओ उत्तरकाशी सहित पुलिस व आपदा प्रबंधन के अधिकारी मौजूद रहे।
