देवाल कौथिग के दूसरे दिन जमे सांस्कृतिक रंग, विधायक ने किया उद्घाटन


उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो/हरेंद्र बिष्ट

थराली/देवाल। कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडलों के बीच प्रसिद्ध देवाल कौथिग के दूसरे दिन के कार्यक्रम का उद्घाटन थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने बतौर मुख्य अतिथि रीबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। तीन दिवसीय मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक गजेंद्र राणा के नाम रही।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि दशकों से आयोजित होता आ रहा देवाल कौथिग गढ़वाल और कुमाऊं की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने मेले के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। साथ ही थराली विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए राजजात मार्ग थराली-देवाल-मंदोली-वांण तथा ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्गों के कायाकल्प के प्रयासों की जानकारी दी। विधायक ने देवाल कौथिग के लिए अपनी ओर से एक लाख तथा प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की ओर से एक लाख रुपये, कुल दो लाख रुपये देने की घोषणा की।
देवाल प्रमुख तेजपाल रावत ने कौथिग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके सतत विकास की बात कही। इस अवसर पर क्षेत्र की महिला मंगल दलों, स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!