शिवरात्रि पर उखीमठ में तिथि घोषित: 22 अप्रैल को खुलेंगे श्री केदारनाथ धाम के कपाट


रुद्रप्रयाग। ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट इस यात्रा वर्ष 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। कपाट खुलने की तिथि की घोषणा महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में परंपरागत पंचांग गणना के उपरांत की गई।
इस अवसर पर केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, धर्माचार्य, वेदपाठी, हक-हकूकधारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसी दौरान भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली के प्रस्थान कार्यक्रम की भी घोषणा की गई।
महाशिवरात्रि के अवसर पर ओंकारेश्वर मंदिर को लगभग साढ़े नौ क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। श्रद्धालुओं के लिए भंडारों का आयोजन हुआ और जय श्री केदार के उद्घोष से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट खुलने की तिथि घोषित होने पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए चारधाम यात्रा में सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा आस्था, परंपरा और आजीविका का समन्वित स्वरूप है तथा हक-हकूकधारियों की भूमिका इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है।


18 अप्रैल को ओंकारेश्वर में पूजा संपन्न

मंदिर समिति के अनुसार 18 अप्रैल को ओंकारेश्वर मंदिर में भैरवनाथ की पूजा संपन्न होगी। 19 अप्रैल को पंचमुखी डोली उखीमठ से फाटा, 20 अप्रैल को गौरीकुंड, 21 अप्रैल को केदारनाथ धाम पहुंचेगी और 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे कपाट विधिवत खोले जाएंगे। इसी यात्रा वर्ष में केदारनाथ धाम के मुख्य पुजारी का दायित्व एम.टी. गंगाधर संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!