महाशिवरात्रि पर देवभूमि में उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव


देहरादून/हरिद्वार। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर देवभूमि उत्तराखंड पूरी तरह शिवमय नजर आई। अलसुबह से ही गली-मोहल्लों और प्राचीन शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हरिद्वार के दक्ष मंदिर, नीलेश्वर महादेव मंदिर, दारिद्र भंजन महादेव, तिल भांडेश्वर मंदिर और देहरादून के टपकेश्वर महादेव सहित सभी शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से अभिषेक किया। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।


नीलकंठ मंदिर का एसएसपी ने किया निरीक्षण

पौड़ी। महाशिवरात्रि के अवसर पर नीलकंठ महादेव मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार स्वयं सड़क मार्ग से मंदिर पहुंचे और पैदल मार्ग, पार्किंग स्थल, बैरियर प्वाइंट व यातायात व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा सतर्कता, अनुशासन व विनम्र व्यवहार के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने मंदिर महंत से भेंट कर दर्शन व्यवस्था पर चर्चा की और जलाभिषेक कर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।


महाशिवरात्रि पर शिवालयों में किए दर्शन

पौड़ी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पौड़ी जनपद के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही पूजा-अर्चना व जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पौड़ी पुलिस द्वारा व्यापक व सुनियोजित सुरक्षा प्रबंध किए गए। प्रमुख मंदिरों, शिवालयों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।


हर-हर महादेव के गूंजे जयकारें

चमोली। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर चमोली जनपद में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक पुलिस व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर प्रमुख शिवालयों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। गोपीनाथ मंदिर, बैरासकुंड महादेव मंदिर और कल्पेश्वर महादेव सहित अन्य मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसरों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर कतारबद्ध दर्शन, यातायात नियंत्रण और निरंतर निगरानी सुनिश्चित की गई है।


महाशिवरात्रि पर शिवभक्ति का अद्भुत दृश्य

देहरादून। विकासनगर में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। विकासनगर के बाढ़ वाला प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ब्रह्म मुहूर्त में मंदिर के मुख्य पुजारी द्वारा भगवान शिव के विशेष श्रृंगार और आरती के साथ पूजा-अर्चना का शुभारंभ किया गया। मंदिर परिसर में सामूहिक रुद्राभिषेक एवं भजन-कीर्तन से वातावरण शिवमय हो गया। भीड़ को देखते हुए मेला कमेटी, ग्राम प्रधान और कोतवाली पुलिस द्वारा सुरक्षा व दर्शन की समुचित व्यवस्था की गई।


महाशिवरात्रि पर निकली भव्य शिव बारात

श्रीनगर गढ़वाल। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रीनगर स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मंदिर परिसर से निकली भव्य शिव बारात ने नगर को “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गुंजायमान कर दिया। सुसज्जित शिव-पार्वती झांकी, ढोल-नगाड़ों की गूंज और पुष्पवर्षा आकर्षण का केंद्र रही। महंत नितिन पुरी ने चार प्रहर की विशेष आरती की जानकारी दी। महापौर आरती भंडारी ने दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। देर शाम तक भक्ति संगीत और आरती से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

विधायक ने मंदिरों में किया जलाभिषेक

हरिद्वार। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र की विधायक अनुपमा रावत ने क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। उन्होंने शिवगढ़, टिक्कमपुर, धारीवाला, टिहरी विस्थापित एवं फेरुपुर सहित कई गांवों के मंदिरों में दर्शन किए। आम श्रद्धालुओं के साथ कतार में लगकर उन्होंने गंगाजल, दूध और बेलपत्र अर्पित किए।


राज्यपाल ने किया जलाभिषेक

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार लोक भवन स्थित राजप्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और भगवान शिव से समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।

विश्वनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

उत्तरकाशी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर काशी विश्वनाथ मंदिर सहित जनपद के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रातः 4 बजे से ही बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए लंबी कतारें लग गईं, जिससे पूरा नगर शिव भक्ति में सराबोर नजर आया। भागीरथी नदी में स्नान के उपरांत भक्तों ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। शाम के समय भव्य शिव बारात निकाली गई, जिसमें ढोल-नगाड़ों की गूंज और “जय-जय शिव” के जयकारों के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते नजर आए। पुलिस प्रशासन की सतर्क व्यवस्था से पर्व शांतिपूर्ण व श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!