डॉ. नरेश चौधरी बने भारतीय रेडक्रास राष्ट्रीय प्रबंधन समिति के सदस्य

हरिद्वार। भारतीय रेडक्रास समिति उत्तराखण्ड के चेयरमेन एवं ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. नरेश चौधरी को महामहिम राष्ट्रपति की अध्यक्षता वाली भारतीय रेडक्रास राष्ट्रीय प्रबंधन समिति का सदस्य निर्वाचित होकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। नई दिल्ली स्थित रेडक्रास भवन में आयोजित चुनाव में देश के 28 प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
डॉ. नरेश चौधरी तीन दशक से सामाजिक सेवा में समर्पित हैं और उत्तराखण्ड रेडक्रास के संस्थापक सदस्य, प्रथम कोषाध्यक्ष, तीन बार वाईस चेयरमेन और वर्तमान चेयरमेन के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों और अन्य सामाजिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इस उपलब्धि के बाद उत्तराखण्ड शासन के वरिष्ठ अधिकारी, रेडक्रास उत्तराखण्ड के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने डॉ. चौधरी को बधाई दी। उनके नेतृत्व में प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती के साथ प्रतिष्ठित हुआ है।
