हिंदू सम्मेलन: सनातन हिंदू धर्म है विश्व का सबसे प्राचीन धर्म: श्रीमहंत रविन्द्रपुरी


हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों की श्रृंखला में मध्य हरिद्वार के कनखल क्षेत्र की महादेव बस्ती और दक्ष बस्ती में भव्य हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए। सम्मेलनों में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता देखने को मिली।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि सनातन हिंदू धर्म विश्व का सबसे प्राचीन धर्म है और यह केवल पूजा-पद्धति नहीं बल्कि एक जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों के आक्रमण और दमन के बावजूद हिंदू समाज और अधिक संगठित व सशक्त हुआ है। भारत भूमि पर भगवान राम, कृष्ण, बुद्ध, महावीर और गुरु नानक देव जैसे महापुरुषों ने जन्म लेकर विश्व को शांति और सद्भाव का संदेश दिया।
महादेव बस्ती सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सेवा प्रमुख पवन जी ने संघ शताब्दी वर्ष में चल रहे पंच परिवर्तन के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि नागरिक कर्तव्य, स्वबोध, सामाजिक सद्भाव, कुटुंब प्रबोधन और पर्यावरण संरक्षण को यदि प्रत्येक हिंदू अपने जीवन में अपनाए, तो हर चुनौती का सामना संभव है।
दक्ष बस्ती में आयोजित सम्मेलन में हिंदू जागरण मंच के क्षेत्र संगठन मंत्री गोपाल ने हिंदू समाज की एकजुटता पर बल दिया। कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी हुईं और बड़ी संख्या में संघ व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!