सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरण पर दिया बल

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीकोट स्थित विद्या मंदिर में शनिवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं और छात्र-छात्राओं की व्यापक भागीदारी रही। सम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और सकारात्मक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं की भव्य कलश यात्रा से हुई, जिससे आध्यात्मिक वातावरण बना। भारत माता एवं पुलवामा शहीदों को नमन के बाद सांस्कृतिक व देशभक्ति प्रस्तुतियां दी गईं।
मुख्य वक्ता संजय जी, प्रांत प्रचार प्रमुख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने समाज को संगठित व जागरूक रहने का आह्वान किया। केंद्रीय विश्वविद्यालय की हिंदी विभागाध्यक्ष गुड्डी बिष्ट ने महिला शक्ति की भूमिका रेखांकित की। धर्माचार्य मधुसूदन घिल्डियाल ने युवाओं से भारतीय संस्कृति अपनाने का आग्रह किया। सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 से अधिक लोगों को सम्मानित किया गया। आयोजन ने एकता, सेवा और सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश दिया।
