आंदोलनकारी पेंशनरों के लिए फरवरी अंत तक सत्यापन अनिवार्य
उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन प्राप्त कर रहे सभी लाभार्थियों के लिए फरवरी माह के अंत तक वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र का सत्यापन कराना अनिवार्य किया गया है। वरिष्ठ कोषाधिकारी आशीष खुदलानी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार यह सत्यापन प्रक्रिया पहली बार लागू की जा रही है। सभी पेंशनरों को फरवरी में अपने नजदीकी कोषागार या उप-कोषागार में स्वयं उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों सहित सत्यापन कराना होगा। समय सीमा तक सत्यापन न कराने पर फरवरी माह की पेंशन का भुगतान स्वतः बंद कर दिया जाएगा। अतः पेंशनरों से अपील है कि किसी भी वित्तीय असुविधा से बचने के लिए समय पर भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें।
